उत्तराखंडपौड़ी गढ़वाल

चौबट्टाखाल में विकास योजनाओं को मिली रफ्तार, 40 गांवों को मिलेगा पेयजल का लाभ: सतपाल महाराज

पौड़ी: चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र में सड़क, पेयजल, सिंचाई, पर्यटन और ग्रामीण विकास से जुड़ी योजनाओं को आगे बढ़ाने का दावा किया गया है। कैबिनेट मंत्री एवं चौबट्टाखाल विधायक सतपाल महाराज ने क्षेत्र भ्रमण के दूसरे दिन पोखड़ा में आयोजित बहुउद्देशीय शिविर में विकास कार्यों की जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित शिविर में सतपाल महाराज ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण किया और स्थानीय लोगों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को जनसमस्याओं के जल्द समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।

29.83 करोड़ की पेयजल योजना से 40 गांवों को राहत की उम्मीद

सतपाल महाराज के अनुसार, पोखड़ा विकासखंड के दूरस्थ कोला क्षेत्र में लंबे समय से प्रस्तावित बरसूण्ड देवता ग्राम समूह पंपिंग पेयजल योजना के लिए 29 करोड़ 83 लाख रुपये की स्वीकृति कराई गई है। योजना पूरी होने के बाद करीब 40 गांवों और तोकों में रहने वाली आबादी को पेयजल सुविधा का लाभ मिलने की उम्मीद है। मंत्री ने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में पेयजल की उपलब्धता बड़ी चुनौती है। ऐसे में समूह पंपिंग योजनाओं के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में स्थायी पेयजल व्यवस्था मजबूत करने पर सरकार का विशेष जोर है।

सड़कों के निर्माण और नवीनीकरण पर भी फोकस

क्षेत्र में सड़क कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए किए गए कार्यों का उल्लेख करते हुए महाराज ने बताया कि कोला-1 और कोला-2 को मोटर मार्ग से जोड़ने के लिए 31 लाख 51 हजार रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई थी, जिसका कार्य पूरा हो चुका है। इसी तरह बिजोरापानी से कुञ्जखाल तक विभिन्न स्थानों पर सड़क सुधार और नवीनीकरण के लिए करीब 56 लाख रुपये खर्च किए गए हैं। विधायक निधि के माध्यम से ग्राम पंचायतों में लगभग एक करोड़ रुपये की लागत से अलग-अलग विकास कार्य कराए जाने की बात भी कही गई। इसके अलावा स्कूल भवनों, सौर ऊर्जा और जल जीवन मिशन के अंतर्गत पेयजल से जुड़े कार्यों पर भी 10 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए जाने का दावा किया गया।

8 किलोमीटर ग्रामीण मोटर मार्ग का लोकार्पण

बहुउद्देशीय शिविर के दौरान सतपाल महाराज ने पोखड़ा विकासखंड में 2 करोड़ 75 लाख 63 हजार रुपये की लागत से तैयार बिजोरापानी-कुंजखाल-कोलाखाल-जयकोट मार्ग के 8 किलोमीटर हिस्से का लोकार्पण किया। इस सड़क के खुलने से संबंधित ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन और संपर्क व्यवस्था बेहतर होने की उम्मीद है।

लाभार्थियों को मुख्यमंत्री कोष से बांटे चेक

सेवा संकल्प अभियान के तहत सेड़ियाखाल में आयोजित कार्यक्रम में सतपाल महाराज ने मुख्यमंत्री कोष से सहायता प्राप्त करने वाले लाभार्थियों को चेक भी वितरित किए। इसके अलावा उन्होंने एबीवीपी से जुड़े युवाओं को सम्मानित किया। महाराज ने कहा कि चौबट्टाखाल के दूरस्थ इलाकों में सड़क, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए विकास योजनाओं को लगातार आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में क्षेत्र में जनकल्याण से जुड़ी योजनाओं को प्राथमिकता के साथ लागू किया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button