रायपुर में बुजुर्ग दंपती समेत 3 हत्याओं का खुलासा, 2 साल से घर में काम कर रहा प्लंबर निकला आरोपी

देहरादून के रायपुर क्षेत्र की विष्णुलोक कॉलोनी में बुजुर्ग दंपती समेत तीन लोगों की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजकुमार पुत्र वीरेंद्र सिंह के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बिजनौर, उत्तर प्रदेश का रहने वाला है और वर्तमान में देहरादून के इंद्रेश नगर क्षेत्र में रह रहा था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी प्लंबर का काम करता है और पिछले करीब दो वर्षों से बुजुर्ग दंपती के घर पर प्लंबिंग का काम करने के लिए आता-जाता था। घटना वाले दिन भी बुजुर्ग दंपती ने उसे प्लंबिंग के काम के लिए अपने घर बुलाया था।बताया गया है कि काम पूरा होने के बाद पैसों के लेन-देन को लेकर आरोपी और बुजुर्ग दंपती के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान राजकुमार ने अपने पास मौजूद पेचकस से बुजुर्ग दंपती पर हमला कर दिया। इसी दौरान पड़ोस के घर में काम करने वाली महिला ने उनकी आवाज सुनकर बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो आरोपी ने उस पर भी हमला कर दिया।
घटना के बाद तीनों गंभीर रूप से घायल होकर घर के अंदर पड़े मिले। स्थानीय लोगों ने आरोपी को मौके पर पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर रायपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल तीनों लोगों को तत्काल कोरोनेशन अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने घटनास्थल से हमले में इस्तेमाल किया गया पेचकस बरामद किया है। वहीं, आरोपी के कब्जे से एक सोने की चेन भी बरामद होने की जानकारी पुलिस ने दी है।घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच की। फॉरेंसिक और फील्ड यूनिट की टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया, जहां फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी और अन्य साक्ष्यों को सुरक्षित करने की कार्रवाई की गई। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली है। प्रारंभिक जांच में आरोपी बुजुर्ग दंपती के घर की ओर अकेले जाता हुआ दिखाई दिया है। पुलिस अब अन्य कैमरों की फुटेज का भी बारीकी से विश्लेषण कर रही है, ताकि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पुष्टि की जा सके।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह लंबे समय से बुजुर्ग दंपती के घर पर प्लंबिंग का काम करता था। घटना वाले दिन काम पूरा होने के बाद पैसों को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद उसने कथित तौर पर पेचकस से हमला कर दिया।मृतकों की पहचान 75 वर्षीय रजनी कपूर, 80 वर्षीय रमेश कपूर और 48 वर्षीय तिलया देवी उर्फ शीला के रूप में हुई है। तिलया देवी बुजुर्ग दंपती के पड़ोस में काम करने वाली महिला बताई गई हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और घटना के सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आरोपी से पूछताछ की जा रही है।



