
देहरादून के रायपुर थाना क्षेत्र में एटीएस कॉलोनी के पास सोमवार सुबह एक निर्माणाधीन भवन में व्यक्ति का शव मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं। प्रारंभिक जांच में पांचवीं मंजिल से गिरने के कारण मौत होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
निर्माणाधीन भवन में मिला शव
पुलिस के अनुसार, सोमवार 26 अक्टूबर की सुबह करीब छह बजे पुलिस कंट्रोल रूम 112 के माध्यम से सूचना मिली कि एटीएस कॉलोनी से पूर्व की ओर स्थित एक निर्माणाधीन भवन में एक व्यक्ति मृत अवस्था में पड़ा है। सूचना मिलने पर रायपुर थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर व्यक्ति चित अवस्था में पड़ा मिला। उसके सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें थीं और काफी रक्तस्राव हुआ था। पुलिस ने मृतक की पहचान पंकज मित्तल (52), पुत्र पवन कुमार, निवासी पंजाब के रूप में की।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के उच्चाधिकारियों ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि पंकज मित्तल की मौत निर्माणाधीन भवन की पांचवीं मंजिल से नीचे गिरने के कारण हुई। पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।



