उत्तराखंड के सफाई कर्मचारियों का बढ़ेगा मानदेय, CM धामी का ऐलान

उत्तराखंड में विभिन्न विभागों में कार्यरत सफाई कर्मचारियों और पर्यावरण मित्रों के लिए राहत भरी खबर है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशभर के इन कर्मचारियों का मानदेय बढ़ाने की घोषणा की है। इसके लिए जल्द ही उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें मानदेय बढ़ोतरी को लेकर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
महर्षि वाल्मीकि प्रकटोत्सव में शामिल हुए मुख्यमंत्री
सोमवार को देहरादून नगर निगम परिसर में महर्षि वाल्मीकि प्रकटोत्सव के अवसर पर भव्य शोभायात्रा आयोजित की गई। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने सफाई कर्मचारियों और पर्यावरण मित्रों के योगदान की सराहना करते हुए उनके मानदेय में बढ़ोतरी के लिए जल्द बैठक करने की बात कही। मुख्यमंत्री ने महर्षि वाल्मीकि को नमन करते हुए कहा कि रामायण के माध्यम से उन्होंने भगवान श्रीराम के जीवन, आदर्शों और मर्यादाओं का संदेश पूरी दुनिया तक पहुंचाया। महर्षि वाल्मीकि का जीवन सिखाता है कि व्यक्ति की पहचान उसकी जाति या सामाजिक स्थिति से नहीं, बल्कि उसके विचारों, कर्मों और समाज में योगदान से होती है। रामायण सत्य, धर्म, त्याग, प्रेम और समानता का मार्ग दिखाती है।
वंचित वर्गों के उत्थान पर सरकार का जोर
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और विकास कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने अयोध्या में भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर को इसका उदाहरण बताते हुए कहा कि सरकार वंचित, शोषित और पिछड़े वर्गों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए काम कर रही है। सीएम धामी ने बताया कि उत्तराखंड में अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के विद्यार्थियों को कक्षा एक से 12वीं तक छात्रवृत्ति दी जा रही है। इसके अलावा विद्यार्थियों के लिए छात्रावास, आवासीय विद्यालय और आईटीआई जैसी सुविधाएं भी संचालित की जा रही हैं। गरीब परिवारों को अटल आवास योजना के तहत घर निर्माण के लिए 1.20 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। वहीं, सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने के लिए अंतरजातीय विवाह करने वाले दंपतियों और जरूरतमंद बेटियों के विवाह हेतु 50 हजार रुपये की सहायता का भी प्रावधान है।
विकसित उत्तराखंड के संकल्प पर जोर
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि महर्षि वाल्मीकि के विचारों और आदर्शों को अपनाकर विकसित उत्तराखंड के लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। कार्यक्रम में देहरादून के मेयर सौरभ थपलियाल, राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग के अध्यक्ष भगवत प्रसाद मकवाना, महानगर भाजपा अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल और नगर आयुक्त आलोक पांडे समेत कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।



