तीन दिन से केदारनाथ में सारा अली खान, सादगी ने खींचा लोगों का ध्यान

बॉलीवुड अभिनेत्री सारा अली खान इन दिनों केदारनाथ धाम में हैं। रविवार को हेलिकॉप्टर से धाम पहुंचीं सारा मंगलवार को भी बाबा केदार के दर्शन के लिए मौजूद रहीं। इस दौरान वह बेहद सादे कपड़ों और टोपी में नजर आईं। उनकी सादगी ऐसी रही कि कई लोग उन्हें पहचान भी नहीं पाए। हालांकि, पहचानने वाले कुछ लोगों ने उनके साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं।
सुबह-शाम की आरती में हो रहीं शामिल
जानकारी के मुताबिक, सारा अली खान केदारनाथ धाम में सुबह और शाम होने वाली आरती में शामिल हो रही हैं। आरती के बाद वह अपने दोस्तों के साथ आसपास के इलाकों में घूमती हैं और स्थानीय लोगों से मुलाकात कर उनके जीवन के बारे में जानती हैं। बताया जा रहा है कि इस दौरान सारा ने केदारघाटी के कुछ स्थानीय लोगों से दोस्ती भी की है। वह आसपास की ट्रैकिंग वाली जगहों के बारे में जानकारी ले रही हैं और स्थानीय लोगों के साथ समय बिता रही हैं।
बर्फबारी और ठंड के बीच बाबा केदार के दर्शन
सारा के केदारनाथ पहुंचने के दौरान धाम में बर्फबारी भी शुरू हो गई। ठंड के बीच अभिनेत्री गर्म कपड़ों और टोपी में नजर आईं। बताया जा रहा है कि उन्होंने अपनी यात्रा को सादगीपूर्ण रखा और मंदिर के अधिकारियों व कर्मचारियों से दूरी बनाए रखी।
‘केदारनाथ मेरे घर जैसा’, 2017 से है लगाव
सारा अली खान ने स्थानीय लोगों से बातचीत के दौरान बताया कि केदारनाथ धाम उन्हें अपने घर जैसा लगता है। वर्ष 2017 से उनका बाबा केदार के प्रति विशेष लगाव रहा है और वह हर साल धाम पहुंचकर दर्शन करने की कोशिश करती हैं। रात के समय सारा ने स्थानीय लोगों के साथ बैठकर चाय भी पी। उनकी इस सादगी और स्थानीय लोगों के साथ घुलने-मिलने के अंदाज की चर्चा हो रही है। केदारनाथ से उनका जुड़ाव पहले भी सुर्खियों में रहा है और इस बार भी उनकी यात्रा लोगों का ध्यान खींच रही है।



