उत्तराखंडपिथौरागढ़

पिथौरागढ़ को 284 करोड़ की सौगात, CM धामी ने 67 विकास योजनाओं का किया लोकार्पण-शिलान्यास

पिथौरागढ़: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को पिथौरागढ़ में आयोजित कार्यक्रम में जनपद को 284 करोड़ रुपये से अधिक की 67 विकास योजनाओं की सौगात दी। इनमें 105.30 करोड़ रुपये की लागत के 33 कार्यों का लोकार्पण और 178.76 करोड़ रुपये की लागत के 34 कार्यों का शिलान्यास शामिल है। मुख्यमंत्री ने जिले के विकास से जुड़ी नौ महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। कार्यक्रम के दौरान उद्योग, कृषि, उद्यान, पशुपालन और मत्स्य विभाग की स्वरोजगारपरक योजनाओं के लाभार्थियों को एक करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि के चेक वितरित किए गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सीमांत क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने, स्थानीय रोजगार बढ़ाने और विकास योजनाओं को गति देने के लिए प्रतिबद्ध है।

सड़क, स्वास्थ्य और शिक्षा सुविधाओं को मिलेगी मजबूती

जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकार्पित और शिलान्यास की गई योजनाओं से पिथौरागढ़ में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा। उन्होंने कहा कि सीमांत क्षेत्रों का विकास राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। मुख्यमंत्री ने पिथौरागढ़ मेडिकल कॉलेज का उल्लेख करते हुए बताया कि 750 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से विकसित किए जा रहे मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस की प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इससे सीमांत क्षेत्र के युवाओं को चिकित्सा शिक्षा के अवसर मिलेंगे और भविष्य में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि पिथौरागढ़-बांस-आंवलाघाट सड़क और पुल बनने से गंगोलीहाट की दूरी कम होगी तथा हाट कालिका मंदिर तक पहुंचना आसान होगा।

आदि कैलाश यात्रा से पर्यटन और रोजगार को बढ़ावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आदि कैलाश भ्रमण के बाद इस क्षेत्र के प्रति श्रद्धालुओं और पर्यटकों का आकर्षण बढ़ा है। इस वर्ष यात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या एक लाख से अधिक पहुंचने की संभावना जताई गई है। उन्होंने कहा कि धार्मिक और साहसिक पर्यटन के विस्तार से होमस्टे, परिवहन, स्थानीय उत्पादों और अन्य पर्यटन गतिविधियों से जुड़े लोगों को रोजगार के नए अवसर मिल रहे हैं। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा ने भी बेहतर सड़क संपर्क से गुंजी और आदि कैलाश की यात्रा सुगम होने की बात कही।

नैनीसैनी हवाई अड्डे के विकास पर जोर

मुख्यमंत्री ने बताया कि पिथौरागढ़ से मुनस्यारी, हल्द्वानी, दिल्ली और देहरादून तक हवाई संपर्क को बढ़ावा देने के प्रयास किए जा रहे हैं। नैनीसैनी हवाई अड्डे को लगभग 450 करोड़ रुपये की लागत से विकसित करने की दिशा में काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बेहतर सड़क और हवाई संपर्क से सीमांत क्षेत्रों में आवागमन सुगम होगा और पर्यटन सहित विभिन्न आर्थिक गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलेगा।

भर्ती, महिला सशक्तीकरण और कानून व्यवस्था का जिक्र

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को निष्पक्ष और पारदर्शी भर्ती व्यवस्था उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उनके अनुसार, नकल विरोधी कानून के तहत कार्रवाई करते हुए 100 से अधिक लोगों को जेल भेजा गया है और प्रदेश में 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं। उन्होंने महिला सशक्तीकरण के लिए लखपति दीदी सहित विभिन्न योजनाओं का उल्लेख किया। साथ ही समान नागरिक संहिता, सख्त भू-कानून और दंगा विरोधी कानून जैसे कदमों को राज्य सरकार की प्रमुख पहलों में शामिल बताया। मुख्यमंत्री ने ऑपरेशन कालनेमि के तहत फर्जी पहचान के जरिए लोगों को भ्रमित करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की भी बात कही।

सीमांत नेत्र चिकित्सालय में ऑप्टिकल बायोमीटर का शुभारंभ

कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने सीमांत सेवा फाउंडेशन द्वारा संचालित सीमांत नेत्र चिकित्सालय में ऑप्टिकल बायोमीटर का शुभारंभ किया। इस उपकरण से मरीजों को नेत्र चिकित्सा से जुड़ी बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। इससे पहले कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई ने मुख्यमंत्री को हस्तशिल्प से निर्मित ‘सत्यमेव जयते’ की कलाकृति और बाबा नीम करौली की तस्वीर भेंट की। मुख्यमंत्री ने उपस्थित लोगों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को भी सुना।

मुख्यमंत्री की नौ प्रमुख घोषणाएं

  1. नैनीसैनी देवत से कनारी पाभैं तक: मोटर मार्ग का सुधारीकरण और डामरीकरण।
  2. कैलीगाड़ पुल से बेस अस्पताल तक: सड़क का सुधारीकरण और हॉटमिक्स कार्य।
  3. सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डीडीहाट: उप जिला चिकित्सालय के रूप में उच्चीकरण।
  4. अतिरिक्त स्वास्थ्य केंद्र मवानी: प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के रूप में उच्चीकरण।
  5. मूनाकोट (रियांसी): राजकीय महाविद्यालय की स्थापना को स्वीकृति।
  6. अस्कोट: लिफ्ट पेयजल योजना का कार्य।
  7. ज्याला मंदिर, छाना पाण्डेय: सीसी मार्ग का निर्माण।
  8. ग्राम चिमुशी: गाड़ देवी मंदिर का सौंदर्यीकरण।
  9. चण्डाक–छेड़ा दिगतोली सड़क: सुधारीकरण और चौड़ीकरण।

मुख्यमंत्री ने दीपावली, गोवर्धन पूजा, भैयादूज, जौलजीबी मेले और आठगांव शिलिंग मेले की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राज्य सरकार सीमांत क्षेत्रों के समग्र विकास और स्थानीय लोगों के जीवन स्तर में सुधार के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button