उत्तराखंडपौड़ी गढ़वाल

पौड़ी में गुलदार का हमला, आंगन में खेल रही साढ़े तीन साल की बच्ची को बनाया निवाला

पौड़ी गढ़वाल: उत्तराखंड के पौड़ी जिले में गुलदार का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। खांडूसैन क्षेत्र में बीती देर शाम घर के आंगन में खेल रही साढ़े तीन साल की मासूम बच्ची पर गुलदार ने हमला कर दिया और उसे उठाकर जंगल की ओर ले गया। घटना के बाद ग्रामीणों ने तलाश शुरू की। कुछ देर बाद बच्ची का शव जंगल से बरामद किया गया। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।

आंगन में खेल रही बच्ची को उठाकर ले गया गुलदार

जानकारी के अनुसार, घटना खांडूसैन क्षेत्र की है। साढ़े तीन साल की बच्ची घर के आंगन में खेल रही थी। इसी दौरान घात लगाए बैठे गुलदार ने शाम करीब पौने छह बजे अचानक उस पर हमला कर दिया और उसे उठाकर जंगल की ओर भाग गया। गुलदार के हमले के बाद आसपास चीख-पुकार मच गई। परिजनों और ग्रामीणों ने बच्ची की तलाश शुरू की। बाद में जंगल से बच्ची का शव बरामद किया गया, जिसे घर लाया गया। घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

विधायक राजकुमार पोरी का ग्रामीणों ने किया घेराव

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम, स्थानीय विधायक राजकुमार पोरी और एसएसपी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। मासूम की मौत से गुस्साए ग्रामीणों ने विधायक का घेराव कर अपना विरोध जताया। ग्रामीणों ने क्षेत्र में लगातार बढ़ रहे गुलदार के खतरे पर चिंता व्यक्त करते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की।

डीएम और डीएफओ को मौके पर बुलाने की मांग

ग्रामीणों की मांग है कि पौड़ी गढ़वाल के जिलाधिकारी और डीएफओ मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लें। उन्होंने वन विभाग से गुलदार को जल्द पकड़ने और क्षेत्र में लोगों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है। घटना के बाद खांडूसैन और आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि गुलदार के खतरे के बीच बच्चों और अन्य लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। उन्होंने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और गुलदार को पकड़ने के लिए तत्काल प्रभावी कार्रवाई करने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button