
देहरादून: हरिद्वार में प्रस्तावित अर्धकुंभ मेला-2027 की तैयारियों को लेकर राज्य सरकार लगातार सक्रिय है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी स्वयं अधिकारियों के साथ बैठक कर आयोजन की व्यवस्थाओं की समीक्षा कर रहे हैं। इसी बीच केंद्र सरकार ने अर्धकुंभ के लिए उत्तराखंड को 14,520 मीट्रिक टन अतिरिक्त खाद्यान्न आवंटित किया है। मुख्यमंत्री धामी ने इस सहयोग के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार का आभार व्यक्त किया है।
गेहूं और चावल का किया गया अतिरिक्त आवंटन
हरिद्वार में अर्धकुंभ मेले के सफल और सुव्यवस्थित आयोजन के लिए राज्य सरकार ने केंद्र से अतिरिक्त खाद्यान्न उपलब्ध कराने का अनुरोध किया था। इसका उद्देश्य मेले के दौरान खाद्यान्न की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखना और आपूर्ति व्यवस्था को सुचारु रूप से संचालित करना है। केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र के माध्यम से इस आवंटन की जानकारी दी है। भारत सरकार के खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण विभाग की ओर से कुल 14,520 मीट्रिक टन अतिरिक्त खाद्यान्न स्वीकृत किया गया है। इसमें 7,260 मीट्रिक टन गेहूं और 7,260 मीट्रिक टन चावल शामिल हैं।
पीएम मोदी और केंद्र सरकार का जताया आभार
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अर्धकुंभ मेले के लिए अतिरिक्त खाद्यान्न आवंटित किए जाने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार का आभार जताया। उन्होंने कहा कि इस सहयोग से मेले के दौरान खाद्य सामग्री की उपलब्धता, आपूर्ति और वितरण व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में मदद मिलेगी।
कुंभ की वेबसाइट, लोगो और थीम सॉन्ग भी हो चुके हैं लॉन्च
अर्धकुंभ-2027 की तैयारियों के तहत हाल ही में हरिद्वार कुंभ की आधिकारिक वेबसाइट लॉन्च की गई थी। इसके साथ ही कुंभ के आधिकारिक लोगो का अनावरण और थीम सॉन्ग का लोकार्पण भी किया गया। आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालु हरिद्वार कुंभ से जुड़ी आवश्यक जानकारियां प्राप्त कर सकेंगे। सरकार की ओर से खाद्यान्न आवंटन सहित अन्य व्यवस्थाओं पर ध्यान दिया जा रहा है, ताकि अर्धकुंभ का आयोजन सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जा सके।



