उत्तराखंड

उत्तराखंड में 1818 पदों पर सरकारी भर्ती की तैयारी, UKSSSC को भेजा गया अधियाचन

उत्तराखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार ने विभिन्न विभागों में रिक्त 1818 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की दिशा में कदम उठाया है। इन पदों पर नियुक्ति के लिए उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) को अधियाचन भेज दिया गया है। आयोग की ओर से आगे भर्ती संबंधी विज्ञापन और परीक्षा कार्यक्रम जारी किया जाएगा।

पुलिस विभाग में सबसे अधिक 1385 पदों पर भर्ती

भेजे गए अधियाचन के अनुसार, सबसे अधिक पद पुलिस विभाग में शामिल हैं। विभाग में आरक्षी संवर्ग के 1187 पदों पर भर्ती की जाएगी। इसके अलावा उप निरीक्षक (नागरिक पुलिस) के 93, उप निरीक्षक (अभिसूचना) के 19 और प्लाटून कमांडर (पीएसी, आईआरबी एवं एसडीआरएफ) के 81 पद शामिल हैं। वहीं, अग्निशमन द्वितीय अधिकारी के पांच पदों पर भी चयन किया जाएगा।

वन विभाग में 264 पदों पर होगा चयन

वन विभाग में वन आरक्षी (फॉरेस्ट गार्ड) के 189 और स्पेशल टाइगर गार्ड के 75 पदों पर भर्ती प्रस्तावित है। इन नियुक्तियों से वन विभाग में लंबे समय से रिक्त पदों को भरने में मदद मिलेगी।

कारागार और आबकारी विभाग में भी नौकरियां

कारागार प्रशासन एवं सुधार सेवा विभाग में बंदीरक्षक के 117 पदों पर भर्ती की जाएगी। वहीं, आबकारी विभाग में आबकारी सिपाही के 50 और उप आबकारी निरीक्षक के दो पदों पर युवाओं को मौका मिलेगा।

अब तक 35 हजार से अधिक युवाओं को मिली सरकारी नौकरी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं के भविष्य और रोजगार के अवसरों को लेकर गंभीर है। युवाओं की योग्यता और क्षमता के आधार पर उन्हें रोजगार उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में अब तक 35 हजार से अधिक युवाओं को पारदर्शी तरीके से सरकारी नौकरियां दी जा चुकी हैं।

भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता पर सरकार का जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता, निष्पक्षता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए सरकार ने कई प्रभावी कदम उठाए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि मेहनत और योग्यता के आधार पर आगे बढ़ने वाले युवाओं के साथ किसी भी तरह का अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। सीएम ने दोहराया कि सरकारी भर्तियों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सरकार का प्रयास है कि प्रदेश के प्रत्येक योग्य युवा को अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर आगे बढ़ने का अवसर मिले। इन 1818 पदों पर भर्ती के लिए अब युवाओं को आयोग के आधिकारिक विज्ञापन और परीक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का इंतजार है। विज्ञापन जारी होने के बाद अभ्यर्थियों को आवेदन प्रक्रिया, पात्रता, आयु सीमा और परीक्षा कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी मिल सकेगी

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button