
देहरादून: उत्तराखंड में पत्रकारों और उनके परिजनों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी की अध्यक्षता में रविवार को पत्रकार कल्याण कोष (कॉर्पस फंड) और मुख्यमंत्री पत्रकार सम्मान पेंशन योजना से संबंधित समितियों की बैठक हुई। इसमें दिवंगत पत्रकारों के आश्रितों, गंभीर बीमारी से जूझ रहे एक वरिष्ठ पत्रकार और पेंशन के पात्र वरिष्ठ पत्रकारों से जुड़े मामलों की समीक्षा की गई।
चार दिवंगत पत्रकारों के परिजनों को 5-5 लाख की सहायता
बैठक में समिति ने पत्रकार कल्याण कोष से चार दिवंगत पत्रकारों के आश्रितों को पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता दिए जाने की संस्तुति की। इसके साथ ही गंभीर बीमारी से ग्रसित एक वरिष्ठ पत्रकार के उपचार के लिए भी पांच लाख रुपये की सहायता प्रदान करने की संस्तुति की गई।इन प्रस्तावों का उद्देश्य संकट की स्थिति में पत्रकारों और उनके परिवारों को आर्थिक संबल उपलब्ध कराना है। सहायता संबंधित नियमों और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार प्रदान की जाएगी।
चार वरिष्ठ पत्रकारों को 8 हजार रुपये मासिक पेंशन की संस्तुति
मुख्यमंत्री पत्रकार सम्मान पेंशन योजना के तहत चार वरिष्ठ पत्रकारों को प्रतिमाह आठ हजार रुपये की दर से पेंशन दिए जाने की संस्तुति भी की गई। इस योजना के माध्यम से पात्र वरिष्ठ पत्रकारों को आर्थिक सहारा देने का प्रयास किया जा रहा है। बैठक में पत्रकार कल्याण से जुड़े विभिन्न प्रकरणों की समीक्षा करते हुए पात्र लोगों को नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराने पर चर्चा की गई।
पत्रकारों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है सरकार: बंशीधर तिवारी
सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के अनुरूप राज्य सरकार पत्रकारों के कल्याण, सम्मान और सहायता के लिए प्रतिबद्ध है। सूचना विभाग संकटग्रस्त पत्रकारों और उनके आश्रितों को यथासंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए तत्परता से कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों के कल्याण से जुड़े मामलों पर नियमित रूप से समिति की बैठकें आयोजित की जा रही हैं। इन प्रकरणों पर संवेदनशीलता के साथ विचार किया जाता है, ताकि पात्र पत्रकारों और उनके परिजनों को नियमानुसार मदद मिल सके। सरकार की इस पहल से दिवंगत पत्रकारों के परिवारों, गंभीर बीमारी से जूझ रहे पत्रकारों और वरिष्ठ पत्रकारों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में कदम आगे बढ़ा है।




