उत्तराखंड शिक्षा विभाग में डेढ़ दर्जन अधिकारियों को पदोन्नति, मिली नई जिम्मेदारी

उत्तराखंड के विद्यालयी शिक्षा विभाग में लंबे समय से प्रतीक्षित पदोन्नति प्रक्रिया के तहत डेढ़ दर्जन उप शिक्षा निदेशकों को संयुक्त शिक्षा निदेशक के पदों पर पदोन्नत किया गया है। शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के अनुमोदन के बाद सभी पदोन्नत अधिकारियों को नई तैनाती दी गई है। इस संबंध में सचिव शिक्षा ज्योति यादव की ओर से पदोन्नति और पदस्थापना के आदेश जारी किए गए हैं।
पदोन्नति के लंबित मामलों को पूरा करने के निर्देश
शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने विभागीय समीक्षा बैठकों में अधिकारियों और कर्मचारियों की पदोन्नति से जुड़े मामलों को लंबित नहीं रखने के निर्देश दिए थे। उनका कहना था कि पदोन्नति कार्मिकों का अधिकार है और किसी भी पात्र कर्मचारी को इससे वंचित नहीं रखा जाना चाहिए। इसी क्रम में विभाग ने संयुक्त शिक्षा निदेशक के रिक्त पदों के सापेक्ष पदोन्नति की प्रक्रिया पूरी की है।
विजयपाल सिंह को सीमेट में विभागाध्यक्ष की जिम्मेदारी
पदोन्नति के बाद विजयपाल सिंह को सीमेट में विभागाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। चंदन सिंह बिष्ट को संयुक्त निदेशक, महानिदेशालय विद्यालयी शिक्षा की जिम्मेदारी दी गई है। आकाश सारस्वत को प्राचार्य डायट रुड़की बनाया गया है। वहीं, गोविंद राम जायसवाल को संयुक्त निदेशक, महानिदेशालय विद्यालयी शिक्षा के साथ प्रभारी अपर शिक्षा निदेशक माध्यमिक का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
इन अधिकारियों को बनाया गया मुख्य शिक्षा अधिकारी
नई तैनाती के तहत जगदीश प्रसाद काला को मुख्य शिक्षा अधिकारी देहरादून, सुरेश चन्द्र आर्य को नैनीताल, विनय आर्य को बागेश्वर, प्रेमलाल भारती को उत्तरकाशी और पुष्कर लाल टम्टा को ऊधमसिंह नगर का मुख्य शिक्षा अधिकारी बनाया गया है। इसके अलावा चण्डी प्रसाद रतूड़ी को चम्पावत, अमित कोटियाल को चमोली और संजीव जोशी को हरिद्वार का मुख्य शिक्षा अधिकारी नियुक्त किया गया है।
अन्य अधिकारियों को भी सौंपी गई नई जिम्मेदारी
विभागीय आदेश के अनुसार, मंजू भारती को प्राचार्य डायट देहरादून, श्रीकांत पुरोहित को संयुक्त निदेशक मध्याह्न भोजन, पंकज शर्मा को संयुक्त निदेशक निदेशालय माध्यमिक शिक्षा और शैलेन्द्र अमोली को संयुक्त निदेशक प्रारंभिक शिक्षा बनाया गया है। वहीं, तरुण कुमार पंत को उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा बोर्ड में अपर सचिव की जिम्मेदारी दी गई है। रणजीत सिंह नेगी को फिलहाल बाध्य प्रतीक्षा में रखा गया है। जानकारी के अनुसार, पौड़ी के मुख्य शिक्षा अधिकारी के सेवानिवृत्त होने के बाद उन्हें जनपद की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।
शिक्षा व्यवस्था को मिलेगी मजबूती
पदोन्नति और नई तैनाती के बाद शिक्षा विभाग में अधिकारियों के बीच जिम्मेदारियों का नया वितरण किया गया है। विभाग को उम्मीद है कि पदोन्नत अधिकारियों के अनुभव और कार्यकुशलता से प्रशासनिक कामकाज में तेजी आएगी। इससे प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने और छात्र-छात्राओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।




