उत्तराखंडदेहरादून

राष्ट्रीय एकता दिवस पर उत्तराखंड पुलिस के होंगे प्रदेशव्यापी कार्यक्रम, थानों में दिखेगी एकता परेड-2026

देहरादून: राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर 31 अक्टूबर को उत्तराखंड पुलिस प्रदेशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करेगी। गुजरात के एकता नगर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति में होने वाली ‘एकता परेड-2026’ का प्रदेश के सभी पुलिस थानों में शाम 5:30 बजे सीधा प्रसारण किया जाएगा। इस दौरान पुलिसकर्मियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई जाएगी। साथ ही आमजन को साइबर अपराध, ऑनलाइन धोखाधड़ी और नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जाएगा।

‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ का संदेश जन-जन तक पहुंचाने की तैयारी

पुलिस मुख्यालय के अनुसार, प्रधानमंत्री के ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के संदेश को प्रदेश के हर नागरिक तक पहुंचाने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को अलग-अलग जनपदों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। ये अधिकारी अपने आवंटित जिलों में पहुंचकर कार्यक्रमों में प्रतिभाग करेंगे।आयोजनों में स्थानीय नागरिकों, प्रबुद्धजनों, स्कूली छात्र-छात्राओं, युवाओं और सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

पुलिस लाइन में होगी परेड, दिलाई जाएगी राष्ट्रीय एकता की शपथ

राष्ट्रीय एकता दिवस पर सभी जनपदों की पुलिस लाइनों में सुबह परेड आयोजित की जाएगी। इसमें वरिष्ठ पुलिस अधिकारी पुलिसकर्मियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाएंगे। इसके अलावा पुलिसकर्मियों के साथ सम्मेलन भी आयोजित किया जाएगा, जिसमें आपसी समन्वय और कार्यप्रणाली को बेहतर बनाने से जुड़े विषयों पर चर्चा होगी।

शाम 5:30 बजे सभी थानों में होगा एकता परेड का लाइव प्रसारण

पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने बताया कि 31 अक्टूबर को शाम 5:30 बजे प्रदेश के सभी पुलिस थानों में गुजरात के एकता नगर में आयोजित ‘एकता परेड-2026’ का सीधा प्रसारण दिखाया जाएगा। इस कार्यक्रम से स्थानीय नागरिकों, स्कूली विद्यार्थियों और युवाओं को भी जोड़ा जाएगा। लाइव प्रसारण के बाद जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित होगा। इसमें पुलिस और आमजन के बीच विश्वास एवं सहयोग मजबूत करने, राष्ट्रीय एकता और सामाजिक सद्भाव को बढ़ावा देने पर चर्चा की जाएगी। साथ ही साइबर अपराध, ऑनलाइन धोखाधड़ी और नशे के दुष्प्रभावों से बचाव के प्रति लोगों को जागरूक किया जाएगा।

इन वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को मिली जनपदों की जिम्मेदारी

पुलिस मुख्यालय की ओर से राष्ट्रीय एकता दिवस के कार्यक्रमों के लिए वरिष्ठ अधिकारियों को जनपदवार जिम्मेदारी सौंपी गई है। सूची इस प्रकार है:

  • देहरादून: एडीजी वी. मुरुगेशन और आईजी रिधिम अग्रवाल
  • नैनीताल: एडीजी ए.पी. अंशुमान
  • हरिद्वार: आईजी विम्मी सचदेवा
  • ऊधम सिंह नगर: आईजी कृष्ण कुमार वी.के.
  • पौड़ी गढ़वाल: आईजी नीलेश आनंद भरणे
  • टिहरी गढ़वाल: आईजी राजीव स्वरूप
  • अल्मोड़ा: आईजी अनंत शंकर ताकवाले
  • उत्तरकाशी: आईजी सुनील कुमार मीणा
  • चम्पावत: आईजी योगेंद्र सिंह रावत
  • रुद्रप्रयाग: आईजी बरिंदरजीत सिंह
  • चमोली: डीआईजी धीरेन्द्र गुंज्याल
  • पिथौरागढ़: डीआईजी यशवंत सिंह

दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों तक पहुंचाया जाएगा एकता का संदेश

डीजीपी दीपम सेठ ने कहा कि उत्तराखंड पुलिस का उद्देश्य राष्ट्रीय एकता, अखंडता और संप्रभुता का संदेश प्रदेश के दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों से लेकर तराई के सीमावर्ती इलाकों तक पहुंचाना है। इन कार्यक्रमों के माध्यम से पुलिस और आमजन के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने के साथ सामाजिक समरसता और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना को मजबूत करने पर जोर दिया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button