
देहरादून: उत्तराखंड के विद्यालयी शिक्षा विभाग में पदोन्नति के बाद अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। विभाग में संयुक्त शिक्षा निदेशक के रिक्त पदों के सापेक्ष करीब डेढ़ दर्जन उप शिक्षा निदेशकों को पदोन्नत किया गया है। शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के अनुमोदन के बाद सभी पदोन्नत अधिकारियों की नवीन तैनाती कर दी गई है। इस संबंध में सचिव शिक्षा ज्योति यादव ने पदस्थापना आदेश जारी कर दिए हैं।
लंबित पदोन्नतियों को पूरा करने के निर्देश
शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने विभागीय समीक्षा बैठकों में अधिकारियों और कर्मचारियों की पदोन्नति से जुड़े मामलों को लंबित न रखने के निर्देश दिए थे। उन्होंने कहा था कि पदोन्नति कार्मिकों का अधिकार है और उन्हें इससे वंचित नहीं रखा जाना चाहिए। इसी क्रम में विभाग ने रिक्त पदों के सापेक्ष पदोन्नति की प्रक्रिया पूरी कर अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं।
विजयपाल सिंह को सीमेट में विभागाध्यक्ष की जिम्मेदारी
संयुक्त शिक्षा निदेशक के पद पर पदोन्नत विजयपाल सिंह को सीमेट में विभागाध्यक्ष बनाया गया है। चंदन सिंह बिष्ट को संयुक्त निदेशक, महानिदेशालय विद्यालयी शिक्षा की जिम्मेदारी दी गई है। आकाश सारस्वत को प्राचार्य डायट रुड़की नियुक्त किया गया है। वहीं, गोविंद राम जायसवाल को संयुक्त निदेशक, महानिदेशालय विद्यालयी शिक्षा के साथ प्रभारी अपर शिक्षा निदेशक माध्यमिक का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
इन अधिकारियों को बनाया गया मुख्य शिक्षा अधिकारी
नई तैनाती के तहत जगदीश प्रसाद काला को मुख्य शिक्षा अधिकारी (सीईओ) देहरादून, सुरेश चन्द्र आर्य को नैनीताल, विनय आर्य को बागेश्वर, प्रेमलाल भारती को उत्तरकाशी और पुष्कर लाल टम्टा को ऊधमसिंह नगर का मुख्य शिक्षा अधिकारी बनाया गया है। इसके अलावा चण्डी प्रसाद रतूड़ी को चम्पावत, अमित कोटियाल को चमोली और संजीव जोशी को हरिद्वार के मुख्य शिक्षा अधिकारी की जिम्मेदारी दी गई है।
अन्य अधिकारियों को भी मिली नई तैनाती
विभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार, मंजू भारती को प्राचार्य डायट देहरादून, श्रीकांत पुरोहित को संयुक्त निदेशक मध्याह्न भोजन, पंकज शर्मा को संयुक्त निदेशक निदेशालय माध्यमिक शिक्षा और शैलेन्द्र अमोली को संयुक्त निदेशक प्रारंभिक शिक्षा नियुक्त किया गया है। तरुण कुमार पंत को उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा बोर्ड में अपर सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, रणजीत सिंह नेगी को बाध्य प्रतीक्षा में रखा गया है। जानकारी के अनुसार, पौड़ी के मुख्य शिक्षा अधिकारी के सेवानिवृत्त होने के बाद उन्हें जनपद की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।
शिक्षा व्यवस्था को मिलेगी मजबूती: धन सिंह रावत
शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि विद्यालयी शिक्षा विभाग में डेढ़ दर्जन उप शिक्षा निदेशकों को संयुक्त शिक्षा निदेशक पद पर पदोन्नत कर नई जिम्मेदारियां दी गई हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि पदोन्नत अधिकारियों के अनुभव और दक्षता से विभागीय कार्यों में तेजी आएगी और प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। विभाग में पदोन्नति और नई तैनाती के बाद अधिकारियों के बीच जिम्मेदारियों का नया वितरण हुआ है। सरकार को उम्मीद है कि इससे प्रशासनिक कामकाज अधिक प्रभावी होगा और प्रदेश के छात्र-छात्राओं को इसका लाभ मिलेगा।




