उत्तराखंडदेहरादून

दीदी-बैणी योजना पर कांग्रेस ने उठाए सवाल, सभी पात्र महिलाओं को हर महीने सम्मान राशि देने की मांग

देहरादून: उत्तराखंड में भाजपा सरकार की ओर से घोषित ‘दीदी-बैणी’ योजना को लेकर कांग्रेस ने सवाल खड़े किए हैं। प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय में आयोजित संयुक्त पत्रकार वार्ता में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, प्रदेश चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह और प्रदेश चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत ने योजना को लेकर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार महिलाओं के सम्मान और आर्थिक सशक्तीकरण के नाम पर आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखकर आर्थिक सहायता की घोषणा कर रही है।

दीदी-बैणी योजना को लेकर गणेश गोदियाल ने उठाए सवाल

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि भाजपा सरकार ने आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए दीदी-बैणी योजना की घोषणा की है। उनके अनुसार, योजना के तहत महिलाओं के खातों में चुनाव से पहले 10-10 हजार रुपये और चुनाव के बाद फिर 10-10 हजार रुपये देने की बात कही गई है। कांग्रेस का आरोप है कि यह घोषणा महिलाओं के प्रति सरकार की दीर्घकालिक प्रतिबद्धता के बजाय चुनावी लाभ हासिल करने की कोशिश है। गोदियाल ने कहा कि प्रदेश के ग्राम्य विकास मंत्री भरत चौधरी की ओर से इस योजना को चुनाव में ‘गेम चेंजर’ बताए जाने से कांग्रेस के सवाल और गहरे हुए हैं। उन्होंने कहा कि जब सरकार का कोई मंत्री किसी जनकल्याणकारी योजना को चुनाव में गेम चेंजर बता रहा है, तो इससे योजना के पीछे सरकार की प्राथमिकताओं को लेकर सवाल उठते हैं। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार आगामी विधानसभा चुनाव में अपनी स्थिति को लेकर आश्वस्त नहीं है और चुनावी वैतरणी पार करने के लिए नकद सहायता योजना का सहारा ले रही है। उन्होंने कहा कि महिलाओं का वास्तविक आर्थिक सशक्तीकरण केवल चुनाव के आसपास एकमुश्त धनराशि देने से नहीं, बल्कि लगातार आर्थिक सहायता और आत्मनिर्भरता के अवसर उपलब्ध कराने से संभव है।

महिलाओं को हर महीने सम्मान राशि देने की मांग

गणेश गोदियाल ने कहा कि कांग्रेस पिछले एक साल से यह आशंका जताती रही है कि भाजपा सरकार विधानसभा चुनाव से ठीक पहले महिलाओं के खातों में नकद धनराशि देने वाली योजना की घोषणा कर सकती है। उनके मुताबिक, सरकार की हालिया घोषणा और मंत्री के बयान से कांग्रेस की आशंका सही साबित होती दिखाई दे रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि सरकार वास्तव में महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना चाहती है, तो उन्हें चुनाव से पहले और बाद में एकमुश्त धनराशि देने के बजाय प्रत्येक महीने सम्मान राशि क्यों नहीं दी जाती? गोदियाल ने आरोप लगाया कि पिछले पांच वर्षों में महिलाओं की आर्थिक परेशानियों को पर्याप्त प्राथमिकता नहीं दी गई और अब चुनाव नजदीक आने पर सरकार को उनकी याद आई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस महिलाओं को केवल चुनावी लाभार्थी के रूप में नहीं, बल्कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था और समाज की महत्वपूर्ण आधारशिला मानती है। उनके अनुसार, महिलाएं अपने सम्मान, अधिकार, रोजगार और भविष्य की सुरक्षा जैसे मुद्दों को ध्यान में रखकर निर्णय लेंगी।

हरीश रावत ने लाभार्थियों की संख्या पर उठाए सवाल

पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने दीदी-बैणी योजना के लाभार्थियों के चयन को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने इस योजना के लिए 5 लाख 23 हजार महिलाओं का चयन किया है, जबकि राज्य में लगभग 43 लाख 7 हजार बालिग महिलाएं हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि इनमें से लगभग 19 लाख 7 हजार 974 महिलाओं के बैंक खाते खुले हैं। हरीश रावत ने सवाल किया कि योजना के दायरे में शामिल नहीं की गई शेष महिलाओं का क्या होगा? उन्होंने कहा कि यदि सरकार इस योजना को महिलाओं के सम्मान और आर्थिक सुरक्षा से जोड़कर देख रही है, तो इसका लाभ प्रदेश की सभी पात्र महिलाओं तक पहुंचना चाहिए। कांग्रेस नेता ने लाभार्थियों की संख्या बढ़ाने और योजना को अधिक व्यापक बनाने की मांग की। उन्होंने कहा कि महिलाओं के बीच किसी भी तरह का भेदभाव नहीं होना चाहिए और सरकार को यह स्पष्ट करना चाहिए कि योजना के लिए लाभार्थियों के चयन का आधार क्या है।

दिसंबर में ही 10 हजार रुपये देने की मांग

हरीश रावत ने सरकार से मांग की कि योजना के तहत चुनाव के बाद दिए जाने की घोषणा की गई 10 हजार रुपये की दूसरी किस्त भी दिसंबर महीने में ही महिलाओं के बैंक खातों में हस्तांतरित की जाए। इसके साथ ही उन्होंने 5 लाख 23 हजार महिलाओं तक सीमित लाभार्थियों की संख्या बढ़ाकर प्रदेश की सभी पात्र महिलाओं को योजना के दायरे में शामिल करने की मांग रखी।

प्रीतम सिंह ने महिलाओं की सुरक्षा और अंकिता भंडारी प्रकरण का उठाया मुद्दा

प्रदेश चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने भी दीदी-बैणी योजना को लेकर भाजपा सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि एक ओर भाजपा महिलाओं के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा कर रही है, वहीं दूसरी ओर भाजपा शासित राज्यों में महिलाओं के खिलाफ अपराधों और उन पर होने वाले अत्याचारों को लेकर सवाल उठते रहे हैं। प्रीतम सिंह ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकारों ने कई मामलों में दोषियों को बचाने का प्रयास किया है। उन्होंने अंकिता भंडारी हत्याकांड का जिक्र करते हुए कहा कि इस मामले में कथित वीआईपी के नाम का खुलासा करने को लेकर भी भाजपा पर सवाल उठते रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए जनता के पैसे से महिलाओं को आर्थिक सहायता देने की घोषणा कर रही है, जबकि महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा के लिए स्थायी एवं प्रभावी कदम उठाने की आवश्यकता है।

हरक सिंह रावत बोले- महिलाओं को स्थायी आर्थिक सुरक्षा जरूरी

प्रदेश चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत ने कहा कि महिलाओं का सम्मान केवल चुनावी घोषणाओं और एकमुश्त आर्थिक सहायता से सुनिश्चित नहीं किया जा सकता। इसके लिए महिलाओं को स्थायी आर्थिक सुरक्षा, रोजगार के अवसर और आत्मनिर्भर बनने के लिए जरूरी संसाधन उपलब्ध कराना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी प्रदेश में भविष्य में सरकार बनने पर बेरोजगार परिवारों को रोजगार से जोड़ने के लिए ठोस व्यवस्था करने का संकल्प व्यक्त करती है। उनका कहना था कि परिवारों को रोजगार और आजीविका के अवसर मिलने से महिलाओं को भी सम्मान और स्वाभिमान के साथ जीवनयापन करने में मदद मिलेगी। हरक सिंह रावत ने यह भी कहा कि कांग्रेस की ओर से प्रदेश की सभी महिलाओं को प्रत्येक माह महिला सम्मान राशि देने का संकल्प व्यक्त किया जा रहा है। उन्होंने इसे महिलाओं की आर्थिक सुरक्षा और सम्मान से जुड़ा महत्वपूर्ण कदम बताया।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button