उत्तराखंडदेहरादून

CM धामी की युवाओं को बड़ी सौगात, PRD जवानों का मानदेय बढ़ाने समेत कई घोषणाएं

राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर शनिवार को देहरादून के पवेलियन ग्राउंड में आयोजित ‘रन फॉर यूनिटी’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने दौड़ में शामिल युवाओं को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और उनका उत्साहवर्धन करते हुए राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने युवाओं, खिलाड़ियों और प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) के जवानों के हित में कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।

PRD जवानों के मानदेय में होगी वृद्धि

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) के जवानों के मानदेय में वृद्धि किए जाने की घोषणा की। उन्होंने बताया कि मानदेय बढ़ाने के संबंध में जल्द ही बैठक आयोजित की जाएगी। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने प्रदेश की प्रत्येक ग्राम पंचायत में मुख्यमंत्री खेल क्लब गठित करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इससे ग्रामीण क्षेत्रों में खेल गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और गांवों में छिपी खेल प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने के बेहतर अवसर मिलेंगे।

आमवाला में बनेगा मिनी स्टेडियम और अग्निवीर प्रशिक्षण केंद्र

मुख्यमंत्री ने देहरादून के आमवाला स्थित युवा केंद्र से लगी रिक्त भूमि को युवा कल्याण विभाग के नाम हस्तांतरित किए जाने की घोषणा की। इस भूमि पर मिनी स्टेडियम और अग्निवीर प्रशिक्षण केंद्र का निर्माण किया जाएगा। इस पहल से क्षेत्र के युवाओं को खेल सुविधाएं उपलब्ध होने के साथ ही अग्निवीर भर्ती की तैयारी के लिए प्रशिक्षण का बेहतर अवसर मिल सकेगा।

खिलाड़ियों की पुरस्कार राशि में होगी बढ़ोतरी

मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी के अंतर्गत विभिन्न स्तरों पर आयोजित खेल प्रतियोगिताओं के विजेता खिलाड़ियों की पुरस्कार राशि बढ़ाने की घोषणा भी की। इसके तहत न्याय पंचायत से लेकर राज्य स्तर तक पुरस्कार राशि में इजाफा किया जाएगा।

न्याय पंचायत स्तर पर पुरस्कार राशि:

  • प्रथम पुरस्कार: ₹300 से बढ़ाकर ₹400
  • द्वितीय पुरस्कार: ₹200 से बढ़ाकर ₹300
  • तृतीय पुरस्कार: ₹150 से बढ़ाकर ₹200

विधानसभा स्तर पर पुरस्कार राशि:

  • प्रथम पुरस्कार: ₹500 से बढ़ाकर ₹700
  • द्वितीय पुरस्कार: ₹400 से बढ़ाकर ₹500
  • तृतीय पुरस्कार: ₹300 से बढ़ाकर ₹400

संसदीय क्षेत्र स्तर पर पुरस्कार राशि:

  • प्रथम पुरस्कार: ₹800 से बढ़ाकर ₹1,000
  • द्वितीय पुरस्कार: ₹600 से बढ़ाकर ₹800
  • तृतीय पुरस्कार: ₹400 से बढ़ाकर ₹600

राज्य स्तर पर पुरस्कार राशि:

  • प्रथम पुरस्कार: ₹1,500 से बढ़ाकर ₹2,000
  • द्वितीय पुरस्कार: ₹1,000 से बढ़ाकर ₹1,500
  • तृतीय पुरस्कार: ₹700 से बढ़ाकर ₹1,000

ओवरऑल विजेता जिले को अब मिलेगा 10 लाख का मुख्यमंत्री कप

मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी के अंतर्गत ओवरऑल विजेता जनपद को दिए जाने वाले मुख्यमंत्री कप की पुरस्कार राशि ₹5 लाख से बढ़ाकर ₹10 लाख करने की घोषणा की। इससे जिला स्तर पर खेल प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों और टीमों को प्रोत्साहन मिलेगा। उन्होंने बताया कि वर्तमान में मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी के अंतर्गत 32 खेल आयोजित किए जाते हैं। इनकी संख्या बढ़ाकर 50 की जाएगी। प्रतियोगिताओं में विशेष रूप से उत्तराखंड के पारंपरिक खेलों को भी शामिल किया जाएगा। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने चैंपियनशिप ट्रॉफी के आयोजन के लिए निर्धारित कुल धनराशि में वृद्धि किए जाने की घोषणा भी की। मुख्यमंत्री की इन घोषणाओं का उद्देश्य प्रदेश में खेल संस्कृति को मजबूत करना, ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच उपलब्ध कराना, युवाओं को प्रशिक्षण सुविधाएं देना और पीआरडी जवानों के हितों को बढ़ावा देना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button