
नैनीताल: उत्तराखंड के नैनीताल जिले में हल्द्वानी-बरेली हाईवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार दो युवकों की मौत हो गई। लालकुआं क्षेत्र में सुभाषनगर की पुरानी पुलिस चेक पोस्ट के पास कैंटर और स्कूटी के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में एक युवक ने मौके पर दम तोड़ दिया, जबकि दूसरे की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई।
सुभाषनगर के पास कैंटर ने स्कूटी को मारी टक्कर
जानकारी के अनुसार, रविवार देर रात राष्ट्रीय राजमार्ग-109 पर सुभाषनगर बैरियर के पास यह दुर्घटना हुई। बताया जा रहा है कि कैंटर और स्कूटी की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। हालांकि, दोनों युवकों की जान नहीं बचाई जा सकी।
मृतकों की पहचान, पुलिस ने शुरू की जांच
मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, मृतकों की पहचान चेतन बिष्ट (21), निवासी पश्चिमी दौलतपुर, काठगोदाम और दीक्षित बिष्ट (24), निवासी भवाली के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे में शामिल कैंटर और क्षतिग्रस्त स्कूटी को भी कब्जे में लेकर दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। इस हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में शोक का माहौल है। हाईवे पर तेज रफ्तार और जोखिम भरे तरीके से वाहन चलाने को लेकर एक बार फिर सड़क सुरक्षा का मुद्दा चर्चा में आ गया है।




